राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। आलापुर तहसील क्षेत्र के कम्हरिया गांव के पास सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे खेतों में कटान की समस्या भी गहराती जा रही है। बीते तीन दिनों से जारी कटान से दर्जनों किसानों की खेती प्रभावित हुई है। स्थिति को देखते हुए ग्रामीण परेशान हैं, वहीं प्रशासन की ओर से बचाव को लेकर प्रयास नहीं किए गए हैं।
कम्हरिया गांव के पूर्वी छोर पर प्रेम शंकर सिंह, सुरेश सिंह और अरविंद सिंह के खेतों में कटान का सिलसिला लगातार जारी है। इसी प्रकार इटौरा ढोलीपुर के किसान परमात्मा सिंह, राघवेंद्र सिंह, भावेश सिंह और तालुकदार सिंह के खेतों को भी सरयू की धारा तेजी से निगल रही है। स्थानीय किसानों ने बताया कि लगातार हो रही कटान से फसलें और उपजाऊ भूमि नदी में समा रही है, लेकिन अभी तक रोकथाम के स्थायी उपाय नहीं हो पाए हैं।
पुराना नुकसान अब तक नहीं भूले किसान
मांझा कम्हरिया गांव के किसान सतिराम फूदल, राम आसरे और विजय ने बताया कि यदि जलस्तर में थोड़ी और वृद्धि हुई तो मांझा कम्हरिया में भी कटान शुरू हो जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार पिछले वर्ष इसी क्षेत्र में लगभग 10 बीघा गन्ना और 15 से 20 बीघा धान की फसल नदी में समा गई थी। रामचंद्र निषाद ने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाता तो इस बार निषाद बस्ती पर भी कटान का सीधा खतरा मंडरा सकता है।
बैंबू स्टड का कार्य प्रारंभ
बाढ़ कार्य खंड अयोध्या ने कम्हरिया गांव के निकट बैंबू स्टड का निर्माण बृहस्पतिवार से शुरू कमर दिया है। जेई विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि कटान क्षेत्र का दायरा विस्तृत है और कई स्थानों पर नदी की धारा से बैंबू स्टड लगवाने में दिक्कतें भी आ रही हैं। फिर भी जहां-जहां कटान हो रहा है वहां कार्य कराया जा रहा है।
किया जा रहा समाधान
बाढ़ कार्य क्षेत्र के कर्मचारी लगातार कटान प्रभावित क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। बैंबू स्टड का निर्माण पूर्ण होते ही स्थिति पर नियंत्रण पाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन कटान की समस्या को प्राथमिकता पर लेकर समाधान की दिशा में कार्य कर रहा है।
सुभाष सिंह धामी, एसडीएम आलापुर