अंबेडकरनगर। टांडा कोतवाली अंतर्गत मुबारकपुर मोहल्ले में ठेला लेकर जा रहे मजदूर के सिर पर छज्जा गिरने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मजदूर की मौत होने से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है।
टांडा कोतवाली अंतर्गत फतेहपुर अजमेरी बादशाहपुर गांव निवासी लल्लन (35) इसी कोतवाली अंतर्गत मुबारकपुर मोहल्ले में स्थित एक पावरलूम में मजदूरी करता था। बताया जाता है कि रविवार को वह सुबह मुबारकपुर मोहल्ला स्थित पावरलूम से सामान ठेले पर लादकर ले जा रहा था। जब वह पावरलूम से कुछ आगे बढ़ा, तो इसी बीच एक घर के छज्जे पर बंदर कूद पड़ा। इससे छज्जा कमजोर होने के चलते अचानक ढह गया। इसी बीच उसके नीचे से गुजर रहे लल्लन पर छज्जे का मलबा गिर पड़ा। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। सांस चलने की उम्मीद में उसे सीएचसी टांडा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। दरअसल लल्लन ही मेहनत मजदूरी कर परिवार का खर्च चला रहा था। उसकी मौत के बाद अब परिवारीजनों के समक्ष विभिन्न प्रकार की आर्थिक मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।