अंबेडकरनगर। जिले में संचालित चार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 2024 में 10 रोजगार मेले लगाए गए। इस वित्तीय वर्ष में 800 युवाओं काे रोजगार दिलाने का लक्ष्य है, लेकिन अब तक सिर्फ 400 ने ही आवेदन किया। इसके सापेक्ष केवल 178 युवाओं का लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद चयन किया गया। इसके पीछे प्रचार प्रसार की कमी और कम वेतन मुख्य वजह बताई जा रही है।
आईटीआई में शीर्ष कंपनियां विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं। उनका उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना है। सही कौशल और प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रोजगार मिल सकता है। वहीं जिले के युवाओं में इसको लेकर कोई दिलचस्पी देखने को नहीं मिल रही है। इतना ही नहीं, इसे लेकर जिम्मेदार अफसर भी गंभीर नहीं है। इसी का नतीजा है कि वित्तीय वर्ष बीतने के कगार पर है, लेकिन विभाग रोजगार दिलाने में लक्ष्य से अभी काफी दूर है।
कई युवाओं का कहना है कि कंपनियों से जितनी तनख्वाह मिलती है, उससे घर खर्च चलाना संभव नहीं हो पाता है। कई लोगों ने तो ज्वाइन करने के बाद नौकरी छोड़ दी। आईटीआई आलापुर के प्रधानाचार्य भूपेंद्र कुमार पाल ने बताया कि समय-समय रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है। इसमें युवाओं के चयन के बाद विभिन्न कंपनियों में नौकरी दी जाती है। जल्द ही और रोजगार मेले लगाए जाएंगे।