अंबेडकरनगर/जलालपुर। मालीपुर में दलित छात्रा (17) की हत्या गला घोंटकर की गई थी। रविवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ। डॉॅक्टरों के पैनल ने दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की है। हालांकि स्लाइड तैयार कर जांच के लिए लखनऊ भेजने की तैयारी है। उधर, छात्रा का शव पहुंचने के बाद गांव में बड़ी संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने हत्यारे के एनकाउंटर की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। प्रदर्शन को देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। करीब चार घंटे तक चले मान-मनौवल के बाद आखिरकार परिजन व ग्रामीण शांत हुए और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
इंटर की छात्रा की हत्या के बाद रविवार सुबह से ही गांव में लोगों का हुजूम उमड़ना शुरू हो गया था। परिजनों के साथ सैकड़ों ग्रामीण और विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि गांव पहुंचने लगे थे। लोगों में गम और गुस्सा चरम पर था। स्थिति को संभालने के लिए गांव को छावनी में तब्दील कर दिया। आईजी प्रवीण कुमार, डीएम अनुपम शुक्ला, एसपी अभिजीत आर शंकर के नेतृत्व में पीएसी के साथ जिले के सभी थानाध्यक्षों ने मय बुलेट प्रूफ जैकेट और हेलमेट के साथ मोर्चा संभाल लिया। इस बीच राजकीय मेडिकल कॉलेज में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एडीएम डॉ. सदानंद गुप्ता, एसडीएम डॉ. शशिशेखर व सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल की निगरानी में तीन डॉक्टरों के पैनल ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में छात्रा की गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों ने स्लाइड बनाकर जांच के लिए लखनऊ भेजने की बात कही है।
उधर, गांव में शव पहुंचने से पहले ही सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने हत्यारे पन्कड़ी कार्रवाई न होने तक अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था। दोपहर करीब 1:45 बजे शव गांव पहुंचा तो आक्रोश बढ़ गया। डीएम अनुपम शुक्ला, एसपी अभिजीत आर शंकर से लेकर पूर्व सांसद रितेश पांडेय, एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद समेत तमाम जनप्रतिनिधियों ने करीब चार घंटे तक ग्रामीणों को समझाया। इस बीच छात्रा की माता को नियमित शिक्षक बनाने, पिता को नौकरी दिलाने, आवास के लिए एक बीघा जमीन का पट्टा और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग भी की गई। शाम करीब 4:30 बजे परिजन शांत हुए। इसके बाद गमगीन माहौल में शाम 5:40 बजे नेमपुर घाट पर छात्रा के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
दो दर्जन संदिग्धों से शुरू हुई पूछताछ
छात्रा की हत्या के बाद से एसपी अभिजीत आर शंकर सर्विलांस, एसओजी और तीन अन्य टीमों के साथ खुलासे के प्रयास में छानबीन कर रहे हैं। घटना के समय आसपास एक्टिव मोबाइल नंबरों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा छात्रा के घर के सभी मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकाली गई है। अब तक करीब दो दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के रडार पर फोन पर बात करने वाला युवक
सूत्रों के अनुसार, छात्रा की गांव के ही एक युवक से फोन पर वार्ता होती थी। ग्रामीण भी दबी जुबान चर्चा करते रहे, लेकिन कोई कुछ खुलकर बोलने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने अपनी जांच में इस बिंदु को भी शामिल किया है। मोबाइल नंबर के आधार पर फोन पर बात करने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। छात्रा के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई बनेगी नजीर : आईजी
आईजी प्रवीण कुमार ने छात्रा के गांव पहुंचकर परिवार के लोगों से मुलाकात की। साथ ही गांव से लेकर घटनास्थल तक जायजा लिया और अब तक की गई कार्रवाई की अपडेट ली। आईजी ने परिवार के लोगों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि छात्रा की हत्या में शामिल अपराधी पर कार्रवाई नजीर साबित होगी।
मीडियाकर्मियों के जमा करा लिए गए मोबाइल
मालीपुर के इस पूरे डीएम अनुपम शुक्ला व एसपी अभिजीत आर शंकर रविवार शाम को कलेक्ट्रेट में मीडिया कर्मियों से रूबरू हुए। यह पहला अवसर था, जब मीडिया कर्मियों से वार्ता करने से पहले उनके फोन जमा करा लिए गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है। दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित परिवार को रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत चार से आठ लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। सीएम राहत कोष से भी परिवार की आर्थिक मदद मुहैया कराने का प्रयास किया जाएगा। पिता को अंबेडकरनगर में ही नौकरी मुहैया कराई जाएगी। पात्रता के अनुसार कृषि भूमि का पट्टा भी दिया जाएगा। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
- अनुपम शुक्ला, जिलाधिकारी