कहीं धनाभाव तो कहीं तकनीकी खराबी के चलते एटीएम के शटर नहीं खुल सके। रविवार सुबह से ही धन निकासी के लिए उपभोक्ता एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर लगाते रहे। जिला मुख्यालय पर कहीं इक्कादुक्का एटीएम से धन निकल भी रहा था तो वहां लंबी लाइन होने के चलते तमाम लोग बाहर से ही वापस चले गए।
मालूम हो कि बीते दो दिनों से बैंक बंद होने के चलते रविवार को एटीएम सेवा ने उपभोक्ताओं का साथ छोड़ दिया। जिला मुख्यालय पर ही बैंक आफ बड़ौदा, स्टेट बैंक आफ इण्डिया, एचडीएफसी, इलाहाबाद बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, ओरियंटल बैंक, यूनियन बैंक, केनरा बैंक सहित कई अन्य बैंकों के दो दर्जन से अधिक एटीएम हैं।
अवकाश के दिनों में तो यह सेवा पूरी तरह बेपटरी हो जाती है। रविवार को भी एटीएम सेवा लगभग पूरी तरह बेपटरी रही। विभिन्न कार्यों के लिए सुबह से ही उपभोक्ता धननिकासी के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर लगाते रहे, लेकिन उन्हें मायूसी ही हाथ लगी।
जिन एटीएम से धननिकसी हो भी रही थी, उस पर लंबी लाइन लगने के चलते अधिकांश उपभोक्ता वहां से चले गए। अकबरपुर फैजाबाद मार्ग पर स्थित स्टेट बैंक के एटीएम से बाहर निकले अमित कुमार ने बताया कि वह विभिन्न बैंकों के चार एटीएम का चक्कर लगा चुके हैं धर नहीं मिल सका।
मेडिकल कालेज की छात्रा पुष्पा व अलका ने कहा कि अवकाश के दिनों में अक्सर उन्हें धननिकासी के लिए इधर उधर भटकने के लिए मजबूर होना पड़ता है। बीते दो दिनों तक बैंक बंद होने के चलते धन नहीं निकल सका।