धूप से बचने के लिए चेहरे को कपड़े से ढंककर जाते लोग।
अंबेडकरनगर। लगातार दो दिन तक तापमान में गिरावट के बाद अब एक बार फिर पारा तेजी से चढ़ने लगा। शुक्रवार सुबह से निकली धूप की तपिश ने बेहाल कर दिया। दिनभर तेज गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजार में खरीदारी के लिए निकले लोग छांव तलाशते नजर आए। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री दर्ज किया गया।
शुक्रवार सुबह से तेज धूप निकलने से लोगों को तेज गर्मी का एहसास होने लगा। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया तपिश और तापमान बढ़ता चला गया। दोपहर के समय लोगों का घर से बाहर निकलना कठिन हो गया। शहर के मुख्य बाजार अकबरपुर, शहजादपुर, पटेलनगर, मालीपुर और टांडा रोड क्षेत्र में दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर बाद जैसे-जैसे धूप चुभती गई, वैसे-वैसे दुकानों के बाहर छांव की तलाश में खड़े लोग पसीने से भीगते रहे।
जो लोग मजबूरी में बाहर निकले, वे या तो छातों की छांव में नजर आए या फिर किसी इमारत की दीवार से सटकर छांव तलाशते दिखे। भीषण उमस और गर्मी का सबसे बुरा असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, इन दिनों लू लगने, डिहाइड्रेशन और चक्कर आने की शिकायतें तेजी से बढ़ी हैं। जिला अस्पताल और निजी नर्सिंग होम में प्रतिदिन ऐसे दर्जनों मरीज पहुंच रहे हैं जिन्हें तेज धूप में बाहर निकलने या पानी की कमी के कारण स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई है।