अंबेडकरनगर। ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में परिवहन विभाग ने एक और कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत जल्द ही अकबरपुर से बसखारी, हंसवर होते हुए साबुकपुर तक रोडवेज बस सेवा शुरू की जाएगी। वापसी में बस टांडा मार्ग से होकर जिला मुख्यालय पहुंचेगी। नई बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
लंबे समय से लोग इस रूट पर नियमित बस संचालन की मांग कर रहे थे। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक अधिकतर लोग निजी वाहनों या छोटे साधनों से सफर करने को मजबूर थे। इससे यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ता था। नई बस सेवा शुरू होने के बाद कम खर्च में सुरक्षित और सुगम यात्रा संभव हो सकेगी। इस रूट पर बस संचालन शुरू होने से रोजाना बाजार, अस्पताल, स्कूल और सरकारी कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। बसखारी, हंसवर और साबुकपुर क्षेत्र की बड़ी आबादी इस सेवा से जुड़ सकेगी। ग्रामीण इलाकों के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी। महरुआ, जलालपुर, राजेसुल्तानपुर, भीटी और बनगांव रोड से श्रृंगी ऋषि आश्रम तक बस सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को लाभ मिल रहा है। अब बसखारी-हंसवर-साबुकपुर रूट को भी योजना में शामिल किया गया है।
बेहतर परिवहन सुविधा देना प्राथमिकता
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नए रूट पर बस संचालन की तैयारी पूरी कर ली गई है।
- हरिओम श्रीवास्तव, एआरएम