अंडरपास का जायजा लेने पहुंचे अफसर।
अंबेडकरनगर। रेलवे के अटवाई अंडरपास में पानी भरे रहने की शिकायत पर डीएम अविनाश सिंह मंगलवार को मौके पर पहुंचे। जल निकासी के लिए स्टीमेट जल्द तैयार करने तथा समस्या से निजात दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने अंडरपास में भरे पानी को निकालने और यातायात को सुगम कराने का भी निर्देश दिया।
विकासखंड कटेहरी क्षेत्र अंतर्गत स्थित ग्राम पंचायत अटवाई में रेलवे द्वारा बनवाए गए अंडरपास में जलभराव होने से आवागमन में आ रही समस्याओं की शिकायत ग्रामीणों ने डीएम से मिलकर बीते दिनों की थी। कहा गया था कि लगभग तीन माह से अधिक समय से अंडरपास में पानी भरा हुआ है। डीएम ने इस पर मंगलवार को अधिशासी अभियंता सिंचाई अयोध्या व अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
अंडरपास के बगल से गुजर रही नहर के जल रिसाव से संबंधित सुरक्षात्मक कार्य न करने के कारण अंडरपास में जलभराव की समस्या प्रकाश में आई। इसके शीघ्र समाधान के लिए डीएम ने अधिशासी अभियंता सिंचाई रजनीश गौतम को तत्काल नहर में पक्की लाइनिंग का स्टीमेट बनाकर अग्रिम प्रक्रिया अपनाने को कहा। साथ ही उन्होंने बीडीओ कटेहरी अनुपम सिंह को डीआरएम रेलवे तथा अधिशासी अभियंता सिंचाई से समन्वय स्थापित कर शीघ्र ही रेलवे एवं सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने और समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह समस्या दूर होने से ग्रामीणों की आवागमन में आ रही परेशानी से निजात मिलेगी।