अंबेडकरनगर। पुलिस कार्यालय में तैनात दो महिला सिपाहियों ने सराहनीय कार्य किया है। रविवार देरशाम शहजादपुर सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के दौरान मिले रुपयों से भरे पर्स व कागजात को महिला पुलिसकर्मियों ने सुरक्षित संबंधित व्यक्ति तक पहुंचा दिया। महिला सिपाहियों की कार्य के प्रति निष्ठा व ईमानदारी को देखते हुए एसपी ने दोनों कर्मियों को पांच पांच सौ रुपया का नकद इनाम दिया है।
पुलिस कार्यालय में तैनात महिला आरक्षी अर्चना चौधरी व संगीता कनौजिया रविवार देरशाम शहजादपुर सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए गईं थीं। इस दौरान वहां उन्हें सड़क पर एक पर्स गिरा मिला। पर्स उठाकर उसकी तलाशी ली तो उसमें 5 हजार रुपया नगद के अलावा कई जरूरी कागजात थे। पर्स में एक कागज पर मोबाइल नंबर भी लिखा हुआ था। इस पर महिला सिपाही ने तत्काल उस नंबर पर संपर्क किया।
फोन उठाने वाले ने अपना परिचय राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी निवासी इंद्रलोक कालोनी अकबरपुर के रूप में दिया। बताया कि वह सब्जी खरीदने के लिए सब्जी मंडी गया था, उसका पर्स कहीं गिर गया। वह काफी देर से खोज रहा है। इस पर महिला सिपाही ने बताया कि उनका पर्स मिल गया है और पूरी तरह सुरक्षित है। पर्स हाथ में आने के बाद राजेंद्र खुशी से गदगद दिखे।