पहले तो लोग कुछ समझ ही नहीं पाए, लेकिन बाद में असलियत सामने आते ही वे सब दहशत में आ गए। घटना का सबसे ज्यादा असर व्यापारियों पर दिखाई पड़ा।
जिला मुख्यालय पर सोमवार को सशस्त्र बदमाशों ने जहां लूट की घटना को अंजाम दिया, वह स्थल यूनियन बैंक के निकट है। पहितीपुर चौराहे पर स्थित इस बैंक के आसपास काफी भीड़ रहती है। बावजूद इसके बदमाशों ने चौराहे के निकट स्थित बैंक के सामने से लूट की घटना को आसानी से अंजाम दे डाला।
विरोध करने पर एक मुनीम को असलहे की बट से घायल करने के बाद बदमाशों ने ताबड़तोड़ छह राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने जिस तरह से घटना को अंजाम दिया, उससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश शातिर व पेशेवर थे। उन्होंने पुलिस के सामने आने की परिस्थिति को संभावित मानकर भी तैयारी की थी। ऐसा इसलिए क्योंकि बदमाशों ने घटना के बाद पहितीपुर चौराहे से होकर ही भागने के रास्ते को अपनाया।
घटना के बाद सबसे ज्यादा दहशत में व्यापारी वर्ग दिखा। व्यापारियों का कहना था कि यह घटना पुलिस प्रशासन के लिए निश्चिततौर पर एक बड़ी चुनौती है। व्यापारी नेता रमेश सेठ व जयराम संगवानी ने कहा कि पुलिस को जल्द से जल्द घटना को पर्दाफाश करना चाहिए।