एक हजार पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष सिर्फ 849 महिलाएं, 976 होनी चाहिए संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दौरान जिले में लिंगानुपात को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिले में एक हजार पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष केवल 849 महिला मतदाता दर्ज हैं, जबकि मानक के अनुसार यह अनुपात लगभग 976 होना चाहिए। फिलहाल प्रशासन ने दावे-आपत्तियों के दौरान महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार जिले में पहले कुल 18,59,663 मतदाता दर्ज थे, जिनमें लिंगानुपात 915 था। वर्ष 2026 के लिए जारी एसआईआर ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली में मतदाताओं की कुल संख्या घटकर 16,12,229 रह गई है। इसके साथ ही लिंगानुपात भी गिरकर 849 पर पहुंच गया है। आलापुर, टांडा और जलालपुर में लिंगानुपात सबसे कम दर्ज किया गया है। आलापुर विधानसभा क्षेत्र में पहले जहां लिंगानुपात 917 था, वह अब घटकर 840 हो गया है। इसी तरह टांडा में यह आंकड़ा 916 से गिरकर 844 और जलालपुर में 915 से घटकर 844 पर आ गया है। ड्राफ्ट सूची के आंकड़े यह संकेत देते हैं कि जिले में महिला मतदाताओं का पंजीकरण अपेक्षित स्तर तक नहीं हो पा रहा है। या तो नाम हटने की प्रक्रिया में महिलाओं के नाम अधिक संख्या में हटे हैं या नए पंजीकरण में उनकी भागीदारी कम रही है।
फाइनल रोल 2025 (07 जनवरी 2025) का विवरण
विधानसभा - मतदाता - लिंगानुपात
कटेहरी - 402807 - 904
टांडा - 342209 - 916
आलापुर - 352651 - 917
जलालपुर - 418516 - 915
अकबरपुर - 434480 - 926
कुल - 1859663 - 915