अंबेडकरनगर। अकबरपुर के शहजादपुर लोहामंडी निवासी सोनम ने शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी जौनपुर जनपद के चंदवक के कोपापतरही बाजार के रहने वाले शिवम सोनी के साथ दिसंबर 2023 को हुई थी।
विवाह के समय पिता ने नकद धनराशि, आभूषण, घरेलू सामान व बर्तन आदि उपहार स्वरूप दिए थे। शादी के कुछ ही समय बाद ही पति शिवम, ससुर रमाशंकर, सास विन्दू, जेठ गोलू, जेठानी सिम्पल ज्योति, ननद, देवर गोपी, उमाशंकर व राजकुमार की ओर से दहेज में पांच लाख रुपये व स्विफ्ट डिजायर कार की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर गाली-गलौज व मारपीट की शुरू हो गईं। 12 नवंबर 2024 की शाम उसकी पिटाई कर जेवर व कपड़े छीन लिए गए।
पिता व भाई को बुलाने पर उन्हें भी पीटा गया और सभी को घर से बाहर निकाल दिया गया। उसने अगले दिन मेडिकल जांच करवाई और महिला थाने में प्रार्थना पत्र दिया। समझौते के तहत उसे दोबारा ससुराल भेजा गया, लेकिन प्रताड़ना और भी अधिक बढ़ गई। छह मार्च को एक बार फिर पीड़िता को पीटा गया और जान से मारने का प्रयास किया गया। आठ मार्च को सुबह 10 बजे उसे मायके लोहामंडी शहजादपुर लाकर छोड़ दिया गया और धमकी दी गई। पीड़िता ने महिला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।