जलालपुर। वाजिदपुर हाथी पार्क के निकट बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नियुक्ति के नाम पर रुपये मांगने वाले युवक को लोगों ने पकड़ लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
जलालपुर तहसील के वाजिदपुर हाथी पार्क के पास एक युवक ने एक स्टांप विक्रेता को फोन कर उसकी बेटी की आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नियुक्ति कराने का झांसा दिया। युवक ने कहा कि नियुक्ति कराने के बाद कुछ पैसे देने होंगे। बातचीत से स्टांप विक्रेता को संदेह हुआ। वह बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां एक युवक से मिलकर जानकारी लेने की कोशिश की। पूछताछ के दौरान युवक गोलमोल जवाब देने लगा।
उसने कहा कि किसी व्यक्ति ने उसका नंबर दिया है। नियुक्ति होने के बाद पैसे देने की बात कही गई। इस पर स्टांप विक्रेता ने अपने सहयोगियों को बुलाया। लोगों ने युवक को रोक लिया। तत्काल 112 पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ ले गई। पकड़े गए युवक की पहचान सुल्तानपुर जिले के अखंड नगर निवासी रविंद्र के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप यादव ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।