कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर सकरवारी में खाद्यान्न भंडार का ताला तुड़वाते बीईओ।
अंबेडकरनगर। कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर सकरवारी की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका हेमलता की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही। इसके चलते ही 19 फरवरी को निलंबन के बाद भी हेमलता ने भंडार गृह की चाबी अपने पास रख ली।
भंडार गृह पर ताला लगे रहने से दो दिनों तक बच्चों को एमडीएम भी नहीं मिल सका। सोमवार को बीईओ ने वीडियोग्राफी के बीच ताला तुड़वा कर सामान बाहर निकलवा कर बच्चों के लिए एमडीएम पकवाया।
इंचार्ज प्रधानाध्यापिका हेमलता पर कई गंभीर आरोप लगे थे। विद्यालय की जांच में सामने आया था कि 26 दिसंबर से लेकर 16 फरवरी तक एमडीएम ही नहीं बनाया गया। इस कारण गोदाम में रखे सात क्विंटल खाद्यान्न में कीड़े हो गए थे। प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात भरतलाल को हेमलता ने अनियमितताओं में लिप्त होने के कारण प्रभार नहीं दिया। आरोप है कि निजी व्यक्ति बाबूराम के सहयोग से एमडीएम का खाद्यान्न बेंचा जा रहा था। बाबूराम के व्यक्तिगत खाते में विद्यालय मद से 43 हजार रुपये व 55 हजार रुपये स्थानांतरित किए गए थे। फल वितरण के लिए धनराशि निकाली गई, लेकिन पंजिका में इसका भी उल्लेख नहीं था।
इन आरोपों के बाद हेमलता को बीएसए ने निलंबित कर दिया था। इसके बावजूद प्रभारी प्रधानाध्यापक ने भंडार गृह की चाबी नहीं सौंपी, जिसके चलते 20 व 21 फरवरी को विद्यालय में बच्चों के लिए एमडीएम भी नहीं बन पाया। जानकारी के बाद बीईओ हिमांशु मिश्रा सोमवार को विद्यालय की जांच करने पहुंचे।
उन्होंने हेमलता से फोन पर ताला खोलने को कहा, लेकिन उन्होंने इन्कार कर दिया। इसके बाद ताला तोड़कर नए प्रधानाध्यापक को जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रधानाध्यापक भारत लाल ने तत्काल प्रभाव से मध्याह्न भोजन की व्यवस्था शुरू कराई।