लपटें इतनी तेज थीं कि ग्रामीणों को आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे लग गए। पीड़ित दुकानदार ने जहांगीरगंज थाने में अज्ञात के विरुद्घ तहरीर दी है। आग लगने से 15 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के फत्तेपुर खास निवासी मोहम्मद मोबीन की जहांगीरगंज माडरमऊ रोड स्थित दुनियाराय का पूरा बाजार में किराने की दुकान है। मोबीन मकान के ऊपरी हिस्से में दुकान करता है, जबकि निचले हिस्से को गोदाम के रूप में प्रयोग करता है।
प्रतिदिन की तरह शुक्रवार शाम को वह दुकान बंद कर परिसर के पिछले हिस्से में अपने परिवार के साथ सोने चला गया। रात करीब एक बजे आसपास लोगों ने अचानक शोर मचाना शुरू कर दिया। गोदाम से तेज धुएं का गुबार बाहर आ रहा था। काफी मशक्कत के बाद शटर खुला तो देखा कि गोदाम में रखा सामान जल रहा था।
स्थानीय लोगों ने करीब तीन घंटे के कठिन परिश्रम के बाद लपटों पर काबू पाया। दुकान मालिक मोहम्मद मोबीन के मुताबिक इस घटना से उसके करीब 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने जहांगीरगंज थाने में अज्ञात के विरुद्घ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। आग कैसे लगी इसका पता अभी तक नहीं चल सका है।