अंबेडकरनगर। लिव इन रिलेशनशिप में रह रही युवती ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे हड़कंप मच गया। वह शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और साथ छोड़ देने के मामले में युवक पर कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंची थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। एएसपी संजय राय, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह व कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे। एसपी ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
अकबरपुर निवासी युवती दोपहर को प्रार्थना पत्र लेकर एसपी कार्यालय पहुंची। वहां उसने एसपी से मिलने की बात कही, फिर अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। इससे हड़कंप मच गया। कार्यालय में बैठकर जन सुनवाई कर रहे एसपी अजीत कुमार सिन्हा फौरन बाहर निकले और युवती को जिला अस्पताल भिजवाया।
युवती के पास जो प्रार्थना पत्र मिला, उसके अनुसार सिद्धार्थनगर जनपद के युवक ने उसे सात वर्ष पहले शादी का झांसा दिया। इसके बाद शपथ पत्र पर विवाह की बात लिखकर अकबरपुर के एक मोहल्ले में साथ रहने लगा, लेकिन अधिकृत ढंग से विवाह करने की बात टालता रहा। पत्र में लिखा कि इन वर्षों में वह दुष्कर्म करता रहा और अब बीते दिनों छोड़ कर चला गया।
नहीं दर्ज हो पाया मजिस्ट्रेटी बयान
युवती का मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज करने के लिए एसडीएम सदर पवन जायसवाल, तहसीलदार जेपी यादव को साथ लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारी काफी देर तक वहां युवती के होश में आने की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इससे युवती का मजिस्ट्रेटी बयान शाम तक दर्ज नहीं हो पाया। एसडीएम ने बताया कि युवती के होश में आने पर उसका बयान दर्ज किया जाएगा।
युवती के पिता ने जताई नाराजगी
घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती के पिता भी जिला अस्पताल पहुंच गये। उन्हें पुलिस कर्मियों ने बुलवाया था। अस्पताल पहुंचने के बाद पिता ने पुत्री पर ही नाराजगी जतानी शुरू कर दी। बताया कि लगभग डेढ़ दशक पहले उन्होंने पुत्री का विवाह अकबरपुर तहसील के ही एक गांव निवासी युवक के साथ किया था। शादी के बाद पांच संतान भी हुईं। इसके बाद पुत्री के संबंध सिद्धार्थनगर के युवक से हो गए। मना करने के बाद भी वह बच्चों व पति के साथ रहने को राजी नहीं हुई।
शपथ पत्र से सुलझा था मामला
लगभग पांच माह पहले भी युवती ने युवक के विरुद्ध शिकायत की थी। पुलिस ने युवक को तलब किया तो वह समझौते की बात करने लगा। युवती ने उससे लिखा-पढ़ी करने और जल्दी शादी करने की बात की। इसके बाद युवक ने स्टांप पेपर पर शादी करने की बात स्वीकार की। इससे उस समय मामला निपट गया था। अब लगभग एक सप्ताह पहले युवक फिर युवती को छोड़कर चला गया। इसी से नाराज होकर वह युवक पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस कार्यालय पहुंची थी।
अपनाई जाएगी जरूरी प्रक्रिया
एसपी ने बताया कि दो दिन पहले युवती आई थी। उसके प्रार्थना पत्र पर कोतवाली पुलिस को निर्देशित किया गया था। पता चला था कि युवती ने पहले भी शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो उसने युवक से समझौता कर लिया। इस बार की शिकायत पर फिर से युवक को बुलाने आदि की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा था, तभी युवती ने यह कदम उठा लिया। होश में आते ही आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।