भीटी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र महरूआ क्षेत्र में रविवार रात कमरे के पंखे में रस्सी के फंदे से युवती का शव लटकता मिला। परिवार के लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अब तक कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं सामने आया है।
महरूआ थाना क्षेत्र के पतौना निवासी लोभई रविवार रात खाना खाना के बाद अपने कमरे में सो गए थे। रात 10 बजे के करीब उनकी नींद खुली। वह चारपाई से उठकर बाहर निकले। बेटी कविता (20) के कमरे का दरवाजा खुला देखा तो पत्नी को आवाज देकर जगाया। कमरे में बेटी की चारपाई खाली थी। इस पर पति-पत्नी दोनों बाहर गए। बेटी के न मिलने पर उसके कमरे में अंदर जाकर देखा तो कविता का शव पंखे से लटकता देख भौचक्के रहे गए।
आनन फानन हंसिया से रस्सी को काटकर कविता को नीचे उतारा गया गया। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व कविता पढ़ाई छाेड़ चुकी थी। घर पर रहकर कामकाज देखती थीं। किसी से कोई विवाद भी नहीं हुआ था। घटना को लेकर माता पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।