कटेहरी के निनामपुर पुलिया में भरा पानी।-संवाद
अंबेडकरनगर। कटेहरी के निनामपुर मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग के पास ग्रामीणों के आवागमन के लिए बनी पुलिया में पानी भर गया है। इसके चलते 25 हजार से अधिक गांव के लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या स्कूली बच्चों को होती है। अंडरपास में पानी भर जाने के कारण ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करके दूसरी तरफ जाना पड़ता है।
इस रूट पर हर समय ट्रेनों की आवाजाही होती रहती है। इस पुलिया से लोग छह सालों से आवागमन कर रहे हैं। बरसात शुरू होते ही यह समस्या खड़ी हो जाती है। इसका निदान नहीं हो पा रहा है। निनामपुर ,कसियापुर, ढेलम उठा, इमिलिया, जरुखा, डिहवा, पिलखाऐ, चांदपुर के ग्रामीणों ने प्रधान से भरे हुए पानी को निकलवाने की मांग की है। प्रधान विक्रम यादव ने बताया कि कई मशीन से पानी भी निकलवाया गया है, लेकिन फिर भर जाता है।