अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर में तमसा नदी की भूमि पर अतिक्रमण करने वालों की अब खैर नहीं है। वर्षों से चली आ रही नागरिकों की मांग के बीच अब प्रशासन ने नदी तट पर हुए 100 से अधिक अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाने का निर्णय लिया है। एसडीएम सदर ने 27 अप्रैल तक नदी के तट पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नांकित किए जाने व एनजीटी के प्रावधानों के अनुसार अवैध कब्जों पर अविलंब कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया है।
पत्र में कहा गया है कि तमसा नदी के तट से अतिक्रमण हटाए जाने को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 100 दिन के प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में शामिल किया गया है। ऐसे में इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सख्त निर्देश दिया गया है कि यदि लापरवाही बरती गई तो जिम्मेदारों पर विधिक कार्रवाई भी की जाएगी। तहसील प्रशासन के इस निर्णय से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरी बार जिम्मेदारी संभालते ही विभिन्न विभागों को 100 दिन का एजेंडा तैयार कर उस पर काम करने का निर्देश दिया है। इसमें नदियों के किनारे से अतिक्रमण हटाया जाना भी शामिल है। शासन ने इस संबंध में सभी जिम्मेदारों को निर्देशित किया था कि नदियों के तट पर किए गए अतिक्रमण को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए।
साथ ही यह भी निर्देशित किया गया था कि इस कार्य को 100 दिन के एजेंडे में शामिल किया जाए। इसे गंभीरता से लेते हुए गत दिनो ही डीएम सैमुअल पॉल एन ने बैठक कर जिम्मेदारों को निर्देशित किया था कि तमसा नदी के तट पर किए गए अतिक्रमण को हटाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए और इस पर तेजी से काम किया जाए।
इसी क्रम में एसडीएम सदर पवन कुमार जायसवाल ने अधिशाषी अधिकारी अकबरपुर नगर पालिका परिषद को पत्र भेजकर निर्देशित किया कि तमसा नदी के तट पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नांकित किया जाए। पत्र में निर्देशित किया गया कि 27 अप्रैल तक नदी की भूमि का सीमांकन कराएं।
साथ ही एनजीटी के प्रावधानों के अनुसार अवैध निर्माणों को चिह्नित करते हुए नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई एवं अवैध अतिक्रमण हटाने तथा जुर्माना वसूलने की कार्रवाई तत्काल प्रारंभ की जाए। पूरी आख्या से 27 अप्रैल की शाम पांच बजे तक प्रत्येक दशा में अवगत कराया जाए। चेतावनी देते हुए कहा गया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही हुई तो उनके विरुद्घ विधिक कार्रवाई के लिए डीएम के समक्ष आख्या भेजी जाएगी।
इस बीच एसडीएम के पत्र के पहुंचते ही अकबरपुर नगर पालिका परिषद हरकत में आ गई। गुरुवार से अपेक्षित प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि शीघ्र ही चिह्नांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर चलने लगेगा।
तमसा नदी की भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण चला आ रहा है। कई बार नागरिकों ने इसे लेकर आवाज उठाई लेकिन अनसुना कर दिया गया। नतीजतन अतिक्रमण लगातार जारी रहा। इन्हीं सब के चलते गत वर्ष नदी का पानी उफान पर होने के बाद कई मोहल्लों तक पहुंच गया। अब अतिक्रमण हटाए जाने से इस संकट से निजात मिल सकेगी।
अधिशाषी अधिकारी अकबरपुर नगर पालिका परिषद बीना सिंह ने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार अपेक्षित प्रक्रिया अपनाई जा रही है। नगर पालिका परिषद क्षेत्र से होकर गुजरने वाली तमसा नदी के सीमांकन का काम प्रारंभ कर दिया गया है। बताया कि नदी की बीच धारा से दोनों तरफ 100-100 मीटर क्षेत्रफल में आने वाला किसी भी प्रकार का निर्माण अतिक्रमण की श्रेणी में आएगा। बताया कि 100 से अधिक अतिक्रमण होने की जानकारी नागरिकों ने दी है। शीघ्र ही सीमांकन का काम पूरा करते हुए अतिक्रमण को चिह्नांकित कर समूची रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी जाएगी।
अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में तमसा नदी के तट पर हुए अतिक्रमण को चिह्नांकित कर पूरी रिपोर्ट अकबरपुर नगर पालिका परिषद से प्रशासन ने 27 अप्रैल तक मांगी है। नदी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना मुख्यमंत्री के 100 दिन के एजेंडे में शामिल है।
-पवन कुमार जायसवाल, एसडीएम सदर