भीटी/हजपुरा । भीटी और सम्मनपुर क्षेत्रों में दो किशोरियों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकते हुए मिले। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की है, लेकिन अभी तक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
भीटी क्षेत्र के परवर भारी चनहा में बृहस्पतिवार की सुबह खुशबू (15) का शव घर के अंदर बांस-बल्ली से दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। भाई रमेश ने बताया कि वह बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे मजदूरी करने चले गए थे। घर पर उनकी पत्नी और बहन खुशबू थीं। उनकी मां फूलमती, छोटी बहन करिश्मा को लेकर अढ़नपुर गांव स्थित कुर्मियाना में अपने दूसरे घर पर गई थीं। इसी बीच संदिग्ध अवस्था में उनकी बहन खुशबू का शव लटकता मिला। इंस्पेक्टर बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा।
सम्मनपुर के ताजूपुर ऊसरपुर में बुधवार को प्राची तिवारी (16) का शव रस्सी के फंदे के सहारे लटकता मिला। परिजनों के अनुसार, प्राची चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और सिकंदरपुर के लारपुर इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी। उसके पिता रामजी मुंबई में एक निजी कारखाने में नौकरी करते हैं। बुधवार की दोपहर लगभग तीन बजे के करीब प्राची अपनी मौसी से फोन पर बात कर रही थी। फोन कटने के बाद वह कमरे में चली गई। देर शाम जब वह बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने उसे आवाज लगाई लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा और शव को नीचे उतारा। थानाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।