जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में गत दिनों दुष्कर्म के बाद युवती के आत्महत्या कर लेने के मामले में पीड़ित परिवार को दो बीघा भूमि देने की प्रक्रिया शुरू हो गई। शुक्रवार को टीम ने गांव पहुंचकर सीमांकन कराया। साथ ही परिवार को बता दिया कि यह भूमि अब उनकी है।
युवती के साथ हुए दुष्कर्म व आत्महत्या के मामले में डीएम ने पीड़ित परिवार को दो बीघा पट्टाशुदा कृषि भूमि दिए जाने की बात बीते दिनों कही थी। डीएम के आदेश पर शुक्रवार को नायब तहसीलदार राजकपूर राजस्व टीम और थानाध्यक्ष विजय तिवारी के साथ गांव पहुंचे। ग्राम समाज की भूमि की पैमाइश के बाद सीमांकन कर दो भूखंडों में कुल 31 बिस्वा जमीन पीड़ित परिवार को आवंटित किया।
बताते चलें कि बीते 17 अगस्त को थानाक्षेत्र की एक युवती का अपहरण कर पड़ोसी गांव के तीन युवकों ने दुष्कर्म किया था। दरिंदगी से आहत युवती ने घर पहुंच परिजनों को आपबीती बताने के बाद आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पहुंचे डीएम अविनाश सिंह ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाए जाने का भरोसा दिया था। डीएम ने पीड़ित परिवार को एक टैबलेट और प्रधानमंत्री आवास आदि के अलावा दो बीघा जमीन का पट्टा दिए जाने का वादा किया था। आलापुर एसडीएम सदानंद सरोज ने बताया कि पीड़ित परिवार को गांव में ही पट्टे की भूमि उपलब्ध कराने की रिपोर्ट बनवाकर डीएम को भेज दी गई है। (संवाद)