अकबरपुर बस स्टेशन पर देर शाम पहुंचे पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थी
अंबेडकरनगर। पुलिस सेवा में भर्ती के लिए जिले में आज 11 केंद्रों पर 7824 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रशासन ने लगभग एक हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ ही जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। ड्रोन कैमरे से नजर रखे जाने के साथ, परीक्षा केंद्र के निकट धारा 144 लागू कर दी गई है। डीएम व एसपी ने एक दिन पहले कई केंद्रों पर पहुंचकर तैयारी का जायजा भी लिया।
दो पालियों में बृहस्पतिवार से होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सीसीटीवी कैमरे की निगाह में परीक्षा में प्रत्येक पाली में तीन हजार 912 अभ्यर्थी भागीदारी करेंगे। इसके लिए जिले में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए मुख्य गेट से परीक्षा कक्ष पहुंचने तक अलग-अलग चरणों में अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी।
इलेक्ट्रॉनिक सामान पर प्रतिबंध
धारा 144 लागू होने के साथ ही परीक्षा केंद्र से 500 मीटर सीमा में फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के इलेक्ट्राॅनिक सामान अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होगी। इसके लिए सभी केंद्र पर क्लॉक रूम की भी स्थापना की जा चुकी है। इसके साथ ही सभी केंद्र व्यवस्थापकों ने निर्देशानुसार परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी भी बृहस्पतिवार को ही लगा दी गई, ताकि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो।
जिला मुख्यालय में लागू रहेगा रूट डावर्जन
परीक्षा को देखते हुए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। ज्यादातर परीक्षा केंद्र जिला मुख्यालय के आसपास ही हैं तो इसे देखते हुए सुबह सात बजे से ही बड़े वाहनों का अकबरपुर नगर में प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। यातायात प्रभारी जयबहादुर यादव ने कहा कि यदि जरूरत हुई तो अभ्यर्थियों के अलावा किसी अन्य छोटे वाहन का भी नगर में प्रवेश रोक दिया जाएगा। लोगों से अपील किया कि परीक्षा के दिन अत्यंत आवश्यक होने पर ही शहर के अंदर प्रवेश करें। कोशिश करें कि परीक्षा के दौरान शहर में प्रवेश न हो।
कम पड़ी बसें, 40 की मांग
अभ्यर्थियों को लाने व पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने बसों की व्यवस्था की है। अभ्यर्थी इन बसों से निशुल्क यात्रा कर सकेंगे। एआरएम कार्यालय के अनुसार क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजकर अवगत कराया गया है कि जिले में लगभग साढ़े सात हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए दूसरे जनपद से आएंगे। इनके लिए 78 बसों की जरूरत होगी। वहीं प्रतिदिन 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी जिले से अन्य जनपदों के लिए जाएंगे। इनके लिए लगभग 150 बसों की जरूरत है। अभ्यर्थियों को लाने व पहुंचाने के लिए बसों की संख्या कम पड़ रही है। ऐसे में कम से कम जिले को 40 अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएं। उधर एआरएम सीवी राम ने बताया कि क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा 23 अगस्त को अभ्यर्थियों को वापस ले जाने के लिए कुछ बसें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।