जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जनगणना सर्वे कार्य को लेकर मंगलवार को तहसील सभागार जलालपुर में जलालपुर और भियांव ब्लॉक के शिक्षकों को नियुक्ति पत्र व किट वितरण के लिए बुलाया गया था, लेकिन अव्यवस्थाओं के कारण शिक्षकों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
सुबह करीब 10 बजे से बड़ी संख्या में शिक्षक तहसील सभागार पहुंच गए थे लेकिन दोपहर दो बजे तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे शिक्षकों में नाराजगी बढ़ गई।
उमस भरी गर्मी और भीड़ के बीच शिक्षकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। महिला शिक्षकों ने बताया कि कई लोग छोटे बच्चों को साथ लेकर पहुंचे थे। यहां न तो बैठने की समुचित व्यवस्था थी और न ही पीने के पानी एवं पंखों की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिक्षक प्रदीप सिंह, अखिलेश कुमार, त्रिवेणी प्रसाद, मोहम्मद वकार हुसैन ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन उनसे महत्वपूर्ण कार्य तो लेता है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था तक नहीं की जाती।
अव्यवस्थाओं को लेकर शिक्षकों में पूरे समय नाराजगी और असंतोष का माहौल बना रहा। एसडीएम राहुल गुप्ता ने बताया कि दोनों ब्लॉकों के शिक्षकों को बुलाया गया था।
इस लिए भीड़ काफी हो गई थी। मामला सामने आते ही व्यवस्थाएं दुरुस्त कराकर किट का वितरण कराया गया है।