अंबेडकरनगर। प्रदेश सरकार ने शिक्षकों की स्वास्थ्य सुरक्षा और स्कूली बच्चों के शैक्षिक सशक्तीकरण के लिए मंगलवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने किया।
लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। इस मौके पर विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र 1200 रुपये की धनराशि भी हस्तांतरित की गई। कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू की जानकारी भी दी गई। मुख्य अतिथि अपर्णा यादव ने कहा कि सरकार शिक्षा और शिक्षकों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
कार्यक्रम में शिक्षकों, अनुदेशकों व रसोइयों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने कलेक्ट्रेट परिसर से स्कूल चलो अभियान के प्रचार वाहन और जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
g रसाइयों और निपुण विद्यार्थियों को किया सम्मानित : जनपद स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रसोइयों और सर्वश्रेष्ठ पांच निपुण विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर शैक्षिक सामग्री प्रदान की गई और सहजन के पौधे वितरित किए गए। विधायक धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा उर्फ साधु वर्मा, डीएम ईशा प्रिया, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव, बीएसए डॉ. पूनम मिश्रा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, रसोइये और अभिभावक उपस्थित रहे।
g 70 लाभार्थियों को मिले डेमो कार्ड : आलापुर। रामनगर विकासखंड के डवाकरा हाल में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस दौरान करीब 70 लाभार्थियों को डेमो कार्ड वितरित किए गए। मुख्य अतिथि एसडीएम सुभाष सिंह धामी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य शिक्षकों और शिक्षा परिवार को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
प्राथमिक शिक्षक संघ रामनगर के ब्लॉक अध्यक्ष अनूप कुमार शुक्ल ने कहा कि यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए उपयोगी साबित होगी। इस दौरान बीडीओ रामनगर दिनेश राम, बीईओ जहांगीरगंज संतोष कुमार पांडेय, बीईओ रामनगर धनपति यादव, एडीओ (पंचायत) बृजेश कुमार वर्मा, प्रधानाचार्य ब्रजनंदन सिंह, चंद्रेश भारती समेत अन्य उपस्थित रहे।