अंबेडकरनगर। एक बार फिर बारिश के बाद धूप निकलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। बुधवार को बारिश के बाद जो राहत मिली थी उसे बृहस्पतिवार को तेज धूप ने एक बार फिर परेशानियों में बदल दिया। सड़क पर निकले लोग धूप से बचने के लिए घरों और दफ्तरों में भागते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आद्रता 70 प्रतिशत रही, जिससे चिपचिपाहट और अधिक महसूस हुई।
बृहस्पतिवार सुबह सुबह से ही धूप तीव्र थी और दोपहर तक गर्मी और उमस ने हालात और बिगाड़ दिए। सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग केवल जरूरी कामों के लिए ही बाहर निकले और जल्दी घर लौटने लगे। दुकानदारों के मुताबिक, गर्मी की वजह से खरीदारी पर असर पड़ा है और व्यापार मंदा हो गया है।
दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के दौरान छात्रों और उनके अभिभावकों को खासी परेशानी हुई। बच्चों को तेज धूप से बचाने के लिए छाते, गमछे और पानी की बोतलें साथ रखनी पड़ीं। शाम को भी राहत नहीं मिली और घरों के अंदर भी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। पंखे और कूलर भी नमी के कारण पूरी राहत नहीं दे पाए।
इस दौरान किसान भी चिंतित नजर आ रहे हैं। लगातार बादलों की निगरानी कर रहे किसानों का कहना है कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो खरीफ की फसलें प्रभावित हो सकती हैं।