जलालपुर। थाना क्षेत्र के नगपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में किशोर का शव फांसी के फंदे से लटकता मिलने पर सनसनी फैल गई। आननफानन में परिजन किशोर को फंदे से उतारकर सीएचसी नगपुर लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर थाना क्षेत्र के नगपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव निवासी कृष्णा (17) पुत्र राधेश्याम का शव उसकेज चाचा भीम के कमरे में फंदे से लटकता मिला। बताया जाता है कि कृष्णा अपने चाचा भीम के साथ नगपुर में रहता है। पिता चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। माता गीता लंबे समय से पति से अलग रहती हैं। परिजनों के अनुसार बीते शुक्रवार को कृष्णा अपने छोटे भाई पप्पू से मिलकर बताया कि वह तीन दिन से भूखा है। यदि इस परिस्थिति में उसकी मौत हो जाती है तो सारी प्रापर्टी उसके नाम हो जाएगी। उसे किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह बात पप्पू ने अपनी माता गीता को बताया। बताया जाता है कि शनिवार सुबह करीब दस बजे गीता बेटे की सुधि लेने अपने देवर भीम के घर पहुंची, जहां कृष्णा का शव फांसी के फंदे लटकता मिला।
यह देख वह हतप्रभ रह गई। आननफानन में परिजनों व ग्रामीणों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारकर सीएचसी जहांगीरगंज ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल मनीष कुमार सिंह ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने तथा तहरीर मिलने की दशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।