प्रमन श्रीवास्तव
अंबेडकरनगर। गन्ना किसानों को अब कृषि की उन्नत तकनीक की जानकारी व समस्या के निस्तारण के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाना पड़ेंगे। जल्दी ही गन्ना किसानों को अपनी सभी समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे मिलने लगेगा। इसके लिए दो करोड़ की लागत से गन्ना निवेश वितरण केंद्र को गन्ना भवन के रूप में विकसित करने के लिए निर्माण कार्य शुरू हुआ है। इसका सीधा फायदा जिले के करीब 50 हजार गन्ना किसानों को मिलेगा।
निर्माण के बाद यहां जिला गन्ना अधिकारी से लेकर विकास परिषद व समिति के दफ्तर संचालित किए जाएंगे। वर्तमान में जिला गन्ना अधिकारी का कार्यालय विकास भवन में संचालित हो रहा है। इससे जगह की कमी के कारण गन्ना किसानों को अपनी समस्याओं के लिए अकबरपुर के कृषि भवन स्थित सहकारी गन्ना विकास समिति के साथ इल्तिफातगंज में रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित गन्ना विकास निरीक्षक के कार्यालय तक की दौड़ लगाना पड़ती है। इससे गन्ना पर्ची , सट्टा, बीज, खाद संबंधी समस्या के समाधान के लिए उन्हें काफी परेशानी उठाना पड़ती है।
इस समस्या से छुटकारा दिलवाने के लिए अब विभाग की तरफ से कृषि भवन के पीछे स्थित गन्ना क्लीनिक एवं गन्ना निवेश वितरण केंद्र को गन्ना भवन के रूप में विकसित कराने का काम शुरू किया गया है। इसमें ग्राउंड फ्लोर पर पूर्व की भांति गोदाम रहेगा जबकि प्रथम तल पर गन्ना विभाग से जुड़े सभी दफ्तरों का संचालन होगा।
गन्ना विकास और विपणन में आएगी तेजी
एक ही छत के नीचे तीनों दफ्तर संचालित होने से गन्ना विकास और विपणन के कार्यों में तेजी आएगी। किसानों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा। योजनाओं के प्रचार प्रसार के साथ बीज पर मिलने वाले अनुदान के लिए किसानों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। -एसएल यादव, जिला गन्ना अधिकारी