राममनोहर लाहिया अवध विश्वविद्यालय की परीक्षाएं सोमवार 25 फरवरी से जिले के 123 महाविद्यालयों में प्रारंभ होंगी। इसमें लगभग 45 हजार परीक्षार्थी भाग लेंगे। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर इस बार परीक्षा जहां रविवार को भी होगी, वहीं प्रतिदिन तीन पालियों में होंगी। नकलविहीन परीक्षा को संपन्न कराने के लिए जरूरी तैयारियां एक दिन पहले ही पूर्ण कर ली गईं। रविवार की सुबह प्रवेश पत्र पाने के लिए छात्र-छात्राओं को पूरे दिन जद्दोजहद का सामना करना पड़ा। छात्र-छात्राओं ने लंबी कतारों में लगकर प्रवेश पत्र हासिल किया तब उनके परीक्षा की राह आसान हुई।
विश्वविद्यालीय परीक्षाएं सोमवार से प्रारंभ हो रही है। ऐसा पहली बार हो रहा कि जब रविवार को भी परीक्षा होगी। और तो और प्रतिदिन परीक्षा दो पालियों की बजाए तीन पालियों में होगी। अनुमान लगाया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विश्वविद्यालय ने यह कदम उठाया है। डीआईओएस कार्यालय के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित लगभग सवा सौ महाविद्यालयों में परीक्षा होगी। नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा को निपटाने के लिए जरूरी प्रबंध किए गए हैं। सुचारु रूप से परीक्षा प्रारंभ हो सके, इसके लिए एक दिन पहले ही परीक्षा केंद्रों पर सभी जरूरी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं।
नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्र के सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे के साथ ही वॉयस रिकॉर्डर भी लगाए गए हैं। टीएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश पाठक ने बताया कि सोमवार से प्रारंभ हो रही परीक्षा को नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए जरूरी तैयारियां एक दिन पहले ही पूर्ण कर ली गईं। पेयजल की समुचित व्यवस्था के साथ ही अस्थाई शौचालय की भी स्थापना की गई है। अकबरपुर नगर स्थित बीएनकेबी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अवधेश तिवारी ने बताया कि परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए पांच सदस्यीय आंतरिक सचल दल का गठन किया गया है, जो नकलविहीन परीक्षा निपटाने के लिए लगातार सक्रिय रहेंगे। दो स्तर पर जांच प्रक्रिया होगा।
मुख्य गेट पर परीक्षार्थियों की जांच के बाद कक्ष में भी जांच की जाएगी। सोमवार को पहले दिन बीए प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की संस्कृत विषय की परीक्षा होगी। उधर डीआईओएस विनोद सिंह ने बताया कि सोमवार से प्रारंभ हो रही महाविद्यालीय परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए जरूरी तैयारियां एक दिन पहले ही पूर्ण कर ली गईं।