अंबेडकरनगर। अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के तहत चल रहे अभियान के बीच मंगलवार को अकबरपुर नगर के अलग-अलग इंटर कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। उन्हें आग लगने के कारण व उससे बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कहा गया कि बढ़ते तापमान के बीच आग की घटनाओं में तेजी से वृद्धि होती है। तनिक सी असावधानी से बड़ा नुकसान होता है। ऐसे में हम सभी को इसके प्रति जागरूक होना होगा।
मौजूदा समय में जिले में अग्नि सुरक्षा सप्ताह चल रहा है। अभियान के तहत विभिन्न माध्यमों से अग्निशमन विभाग द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे के निर्देश पर फायरमैन सुनील मौर्य व गिरिजेश कुमार यादव ने अकबरपुर नगर स्थित मदर टेरेसा स्कूल, मां ब्रम्हादेवी इंटर कॉलेज, ग्लोबल विजडम समेत कई अन्य विद्यालयों में पहुंचकर गोष्ठी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आग लगने के कारण व उससे बचाव के बारे में जानकारी दी। कहा कि तनिक सी असावधानी से बड़ा हादसा हो जाता है, जिसका खामियाजा हम सभी को भुगतना पड़ता है।
मौजूदा समय में भीषण गर्मी पड़ रही है। इसमें विद्युत तार नर्म पड़ जाते हैं और ढीले हो जाते हैं। कभी-कभी इनके शॉर्ट सर्किट से आग लग जाती है। ऐसे में समय-समय पर घर में होने वाली वायरिंग की जांच जरूर कराते रहें। कहीं-कहीं अभी भी चूल्हें पर खाना बनाया जाता है। खाना बनाने के बाद राख को ठीक से बुझा देना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की चिंगारी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। कहा गया कि गेहूं मड़ाई व कटाई का दौर चल रहा है। अक्सर देखा जाता है कि इसमें काम करने वाले बीड़ी पीकर फेंक देते हैं। इससे आग लग जाती है। ऐसा नहीं करना चाहिए। रसोई गैस चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान पाइप की जांच समय समय पर करते रहना चाहिए। रात में रेगुलेटर को बंद कर देना चाहिए।