अंबेडकरनगर। राजकीय इंटर कॉलेज अकबरपुर में शुक्रवार को जिला स्तरीय कॅरिअर गाइडेंस मेले का आयोजन किया गया। मेले में 32 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्यों, नोडल शिक्षकों, अभिभावकों और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।
कॅरिअर से संबंधित मॉडलों, किताबों, शिक्षा-विकल्पों और प्रशिक्षण अवसरों से सजे स्टॉलों ने छात्रों का ध्यान आकर्षित किया। लघु नाटक, पेंटिंग, स्लोगन और क्विज प्रतियोगिता ने समारोह को और भी रोचक बना दिया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रभारी डीआईओएस/प्रधानाचार्य जीआईसी अकबरपुर व कॅरिअर गाइडेंस के नोडल हरेंद्र प्रताप यादव ने कहा कि यह मेला छात्रों के भविष्य निर्माण के लिए उपयोगी मंच है।
विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों से एक ही स्थान पर मार्गदर्शन मिलना छात्रों के लिए सुनहरा अवसर है, जिससे वे अपनी रुचि और योग्यता के आधार पर सही कॅरिअर विकल्प चुन सकते हैं। उन्होंने कहा कि केवल उच्च शिक्षा ही सफलता का एकमात्र रास्ता नहीं है।
हाईस्कूल और इंटर के बाद भी कई रोजगारपरक व प्रोफेशनल कोर्स उपलब्ध हैं।
कॅरिअर वही चुनें जिसमें दिल और दिमाग दोनों सहमति दें और रुचि के अनुसार आगे बढ़ें। डॉ. प्रियंका तिवारी ने कहा कि कॅरिअर वही सर्वोत्तम होता है जिसमें क्षमता के साथ रुचि भी शामिल हो। एक मंच पर कई विभागों और संस्थानों से मार्गदर्शन मिलना छात्रों को दिशा देने का उत्कृष्ट अवसर है।
क्विज प्रतियोगिता में अंशु प्रथम, जया, ऋतिक, दीपिका, अंश, प्रियांशु और मोनिका संयुक्त रूप से द्वितीय तथा अंकिता और सुमैया तृतीय रहीं।
आईडीबीआई बैंक के मैनेजर, आईटीआई अकबरपुर के प्रधानाचार्य केपी गौतम और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर ने रोजगार, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सही दिशा में निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। इस दौरान डीसी जितेंद्र पांडेय, सह-नोडल नीलम यादव, डॉ. जय चंद, रणविजय कुमार, सुरेश लाल श्रीवास्तव, विद्या देवी, तकदीस फातमा, अनुपमा उपाध्याय, यदुनाथ यादव व अन्य उपस्थित रहे।