अंबेडकरनगर। फतेहपुर में अवकाश न मिलने के दबाव में आत्महत्या करने वाले लेखपाल सुधीर कुमार की मौत ने राजस्व विभाग में आक्रोश पैदा कर दिया है। शुक्रवार को अकबरपुर तहसील में लेखपाल संघ ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम छह सूत्रीय ज्ञापन प्रभारी एसडीएम संजय मिश्रा को सौंपा और घटना को अधिकारियों की असंवेदनशीलता से प्रेरित मौत बताया।
संघ के अनुसार 2024 बैच के सुधीर कुमार की शादी 28 नवंबर को तय थी, लेकिन अवकाश मांगने पर एसआईआर कार्य के नाम पर छुट्टी नहीं दी गई। 22 नवंबर को एसआईआर बैठक में अनुपस्थित रहने पर उनका निलंबन करा दिया गया। 25 नवंबर को डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार सक्सेना और नायब तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक उनके घर पहुंचे और कार्य पूरा न करने पर सेवा समाप्ति की धमकी दी, जिससे वे गहरे तनाव में चले गए और आत्महत्या कर ली।