टांडा (अंबेडकरनगर)। यूक्रेन में फंसे टांडा नगर के दो मेडिकल छात्रों के सकुशल स्वदेश वापस लौटने पर परिवारीजन व नगरवासियों में खुशी का माहौल है। यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद छात्रों के परिवारीजन की धड़कने बढ़ गयी थीं, और वह अपने बच्चों की सलामती के लिए दुआ मांग रहे थे। बीती रात छात्रा गुल अफशां रोमानिया के रास्ते छत्रपति शिवाजीजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे मुंबई में उतरी तो वहीं छात्र हर्ष मिश्र बुधवार को सुबह साढ़े 9 बजे पोलैंड बॉर्डर के जरिए दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे। दोनों के परिवारीजन को उनके देश में पहुंचने की खबर मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना न रहा।
बताते चलें कि टांडा नगर के मोहल्ला सकरावल पूरब निवासी रफीउज्जमां इंजीनियर की पुत्री गुल अफशां पश्चिमी यूक्रेन के इवानो शहर में स्थित फ्रेंककीव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। वह रोमानिया बॉर्डर पर पहुंच कर वहां से बीती रात्रि मुंबई आयीं। वहां पर मौजूद उनकी मौसी व मौसा उन्हें सुरक्षित अपने घर ले गए।
वहीं टांडा नगर के मोहल्ला हयातगंज हनुमानगढ़ी निवासी पं. राकेश मिश्र उर्फ गुड्डू के पुत्र हर्ष मिश्र जो यूक्रेन के लवीव शहर में स्थित लवीव नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे। वह पोलैंड बॉर्डर के जरिए भारतीय सेना के विमान से बुधवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरे। दोनों छात्र अभी घर नहीं पहुंच सके हैं, लेकिन स्वदेश लौट आने की खबर परिवारीजन व नागरिकों को मिली तो उनके खुशी का कोई ठिकाना न रहा। दोनों छात्रों के सकुशल वापसी होने पर बधाई देने का सिलसिला जारी है।