अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में छात्रा और बुजुर्ग की मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जलालपुर थाना क्षेत्र में बीती शाम सुभाष राष्ट्रीय इंटर कॉलेज सैदही में कक्षा 12 की छात्रा शमा अफरोज विद्यालय से घर जा रही थी। इसी दौरान शारदा सहायक नहर पटरी पर जब वह फतेहपुर गांव के निकट पहुंची, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल छात्रा को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां देर रात उसकी मौत हो गई। इस पर ठाकुरदीन पाठक महिला महाविद्यालय के प्रबंधक आलोक पाठक व अन्य ने छात्रा के घर पहुंचकर शोक संवेदना प्रकट की। शुक्रवार को विद्यालय शोक में बंद कर दिया गया। उधर, जलालपुर रफीगंज मार्ग पर कुटिया के निकट ब्राम्हणपट्टी निवासी मंगल यादव (65) को बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी भियांव ले जाया गया। जहां हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर किए जाने के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
वहीं, महरुआ थाना क्षेत्र के आदमपुर तिंदौली गांव निवासी राजबहादुर चतुर्वेदी (24) बाइक से अपनी बुआ के घर से लौट रहा था। टांडा रोड पर डीएम आवास के निकट बोलेरो ने पीछे से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह सड़क के किनारे स्थित विद्युत पोल में टकरा घायल हो गया। डीएम आवास पर ड्यूटी कर रहे सिपाही सौरभ शरण की सूचना पर एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और राजबहादुर को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव के पवन सिंह, विदित चतुर्वेदी व दीपक सिंह भी मौके पर पहुंच गए।