अंबेडकरनगर। यदि किसी को बैरियर पार करना है तो उसे अपना मोबाइल नंबर व वाहन नंबर वहां मौजूद रजिस्टर में अंकित कराना पड़ेगा। यदि कोई संतोषजनक जवाब न दे तो फिर उसे पुलिस की कार्रवाई झेलनी पड़ेगी। शनिवार को जिला मुख्यालय से लेकर जिले के अन्य क्षेत्रों में जगह जगह लगे बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मी इस प्रकार की अपील वहां से गुजरने वालों से करते दिखे। पुलिसकर्मियों का मुख्य जोर मास्क पर भी रहा। यदि बगैर मास्क के कोई उधर से गुजरा, तो उसे पुलिसिया कार्रवाई का शिकार होना पड़ा।
लॉकडाउन का शतप्रतिशत पालन कराने के लिए एसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर न सिर्फ जिला मुख्यालय, बल्कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी बैरियर की संख्या बढ़ा दी गई है। प्रत्येक बैरियर पर तैनात पुलिस कर्मियों को एक रजिस्टर भी उपलब्ध कराया गया है, जिस पर बैरियर से गुजरने वाले वाहनों के नंबर व वाहन चालकों का मोबाइल नंबर नोट किए जाने का निर्देश दिया गया है। इसी के क्रम में शनिवार को अकबरपुर नगर के पुराने तहसील तिराहा, दोस्तपुर चौराहा, पटेलनगर तिराहा, पर लगे बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मी बैरियर से गुजरने वालों से गहन पूछताछ करते दिखे। न सिर्फ वाहन, बल्कि वाहन चालक का नाम, पता व मोबाइल नंबर भी नोट किया जा रहा था।
साथ ही चेतावनी भी दी जा रही थी कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बगैर मास्क के निकलने वालों को पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ा। जलालपुर, टांडा, भीटी, आलापुर आदि क्षेत्रों में बगैर मास्क के निकलने वालों को पुलिस के कोपभाजन का शिकार होना पड़ा। कहीं मौके पर दण्ड दिया गया, तो कहीं केस दर्ज करने की कार्रवाई हुई। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि दोबारा बगैर मास्क के नजर आए, तो कार्रवाई की जाएगी।