सद्दरपुर (अंबेडकरनगर)। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में चल रहे खेल सप्ताह के तहत सोमवार को क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच चरम पर रहा। दिन का पहला मुकाबला स्पार्टन और नर्सिंग बैच के बीच दिलचस्प रहा। स्पार्टन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 5 विकेट खोकर 117 रन बनाए।
टीम की बल्लेबाजी में बेहतरीन शॉट्स और तेज रन बनाने की रणनीति साफ दिखाई दी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नर्सिंग बैच की शुरुआत उम्मीदों के अनुसार नहीं रही और विकेट लगातार गिरते चले गए।
पूरी टीम 10.3 ओवर में सिर्फ 67 रन पर ही सिमट गई। स्पार्टन की ओर से गेंदबाजी में दमदार प्रदर्शन करने वाले शुभम ने 4 विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिन का दूसरा मुकाबला एमबीबीएस 22 और एमबीबीएस 24 बैच के बीच खेला गया। शुरुआत से ही एमबीबीएस 22 की टीम आक्रामक खेल मूड में दिखी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 12 ओवर में केवल 4 विकेट गंवाकर शानदार 166 रन का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी एमबीबीएस 24 बैच की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। गेंदबाजों के शानदार आक्रमण के सामने उनकी पारी नहीं टिक सकी और टीम केवल 8.4 ओवर में 63 रन पर ही ढेर हो गई।
एमबीबीएस 22 ने मुकाबला 103 रनों के विशाल अंतर से अपने नाम किया। पांच विकेट लेने पर एमबीबीएस 22 के सौरभ सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस दौरान डॉ. बृजेश, डॉ. अजय, डॉ. साजन, डॉ. मनोज, डॉ. वीरेंद्र, अमन त्यागी सहित अन्य मौजूद रहे। खेल कमेटी के सचिव डॉ. अमोद ने बताया कि मंगलवार को एमबीबीएस 21 और 20 बैच के बीच तथा एमबीबीएस 23 और एमबीबीएस 25 बैच के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।