अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में रविवार को कई स्वास्थ्य केंद्रों से चिकित्सक नदारद रहे। कहीं फार्मासिस्ट ने मरीजों का उपचार किया तो कहीं वार्ड बॉय ने दवाएं दीं। दरअसल किसी डॉक्टर की ड्यूटी मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लगा दी गई तो किसी ने रात इमरजेंसी में ड्यूटी की थी। ऐसे में आरोग्य मेले में बिना डाॅक्टर ही मरीजाें का इलाज किया गया।
डॉक्टर की कुर्सी खाली, बार्ड बॉय ने बांटी दवा
फोटो 18
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ेपुर में सुबह 10 बजकर 49 मिनट पर चिकित्सक की कुर्सी खाली थी। बताया गया कि पीएचसी प्रभारी डॉ. भास्कर ने सीएचसी नगपुर में इमरजेंसी की है। इसके चलते ही नहीं आए। फार्मासिस्ट सतीशचंद्र वर्मा परिसर में कुर्सी पर बैठे हुए थे जबकि दवा काउंटर पर वार्ड बॉय बृजकिशोर दवा का वितरण करता नजर आया। इलाज करवाने पहुंचीं मुरवाह की सोनाली ने कहा कि पैर में चोट लगी है। चिकित्सक नहीं मिले, तो वार्ड बॉय से ही दवा ले ली। हकीमपुर के मोहम्मद यूनुस व दाउदपुर की शाजिया बानो दोनों टीबी मरीज हैं। कहा कि आज बुलाया गया था। चिकित्सक का इंतजार कर रहे हैं। यदि आ गए तो दवा लेंगे नहीं तो फिर वापस चले जाएंगे। मरीज रामचेत, विनोद कुमार भी चिकित्सक का इंतजार करते दिखे। यहां लैब टेक्नीशियन के न होने से किसी भी प्रकार की जांच नहीं हुई।
फार्मासिस्ट ने किया इलाज
फोटो 17
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कम्हरिया में मतदाता पुनरीक्षण अभियान में ड्यूटी लगने के चलते डॉ. गिरीशचंद्र कनौजिया व डॉ. भोला सिंह स्वास्थ्य मेले में नहीं पहुंच सके। इलाज की जिम्मेदारी पूरी तरह फार्मासिस्ट भूपेंद्रनाथ पांडेय व प्रह्लाद के भरोसे रही। दोपहर साढ़े 12 बजे तक 12 मरीजों का ही इलाज हो सका था। लैब टेक्नीशियन नहीं आए थे। बताया गया कि वे अवकाश पर हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की जांच नहीं हो सकी। परतूपुर के मोहम्मद रजा, चांड़ीपुर कला के बृजलाल ने कहा कि दवा ले ली है। चांड़ीपुर कला के ही रामप्रीत स्किन का इलाज कराने पहुंचे थे। कहा कि चिकित्सक नहीं हैं। फार्मासिस्ट को दिखाए बगैर अब वापस जा रहे हैं।
अस्पताल में पसरा सन्नाटा
सीएचसी भीटी में लगभग सन्नाटा पसरा था। दोपहर एक बजे तक मात्र 13 मरीजों का ही इलाज हुआ था। इक्का-दुक्का मरीज ही परिसर में दिखाई दिए। सीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज सिंह एक महिला व उसके पुत्र को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाते मिले। फार्मासिस्ट दवा काउंटर पर थे तो लैब टेक्नीशियन रामनाथ मौजूद मिले।
सभी से लिया जाएगा जवाब
जिन भी केंद्रों पर चिकित्सक नहीं रहे हैं वहां उनसे जवाब मांगा जाएगा। सभी चिकित्सकों को अनिवार्य रूप से आरोग्य मेले में मौजूद रहने के निर्देश हैं। इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। - डॉ. राजकुमार, सीएमओ