अंबेडकरनगर। एक तरफ कोरोना के कहर को बढ़ने से रोकने के लिए जहां शासन द्वारा विभिन्न प्रकार के ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, वहीं जिले में इसे लेकर पूरी तरह लापरवाही का माहौल है।
जगह-जगह सोशल डिस्टेंसिंग की बढ़ चढ़कर अनदेखी की जा रही है। इतना ही नहीं, मास्क की अनिवार्यता को भी दरकिनार किया जा रहा है। बुधवार को अमर उजाला टीम ने जिला अस्पताल, एआरटीओ कार्यालय, अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र, कृषि भवन का जायजा लिया, तो कहीं भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए नागरिक नजर नहीं आए।
कोरोना का संक्रमण दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए एक तरफ जहां मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है, वहीं सोशल डिस्टेंसिंग का भी पूरी तरह पालन करने व कराने के सख्त दिशा-निर्देश शासन द्वारा दिए गए हैं।
कोरोना संक्रमण से जनपद अंबेडकरनगर भी अछूता नहीं है। इन सबके बावजूद जिले में जगह जगह न सिर्फ सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बुधवार को अमर उजाला टीम ने जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों का जायजा लिया, तो सोशल डिस्टेंसिंग का कहीं भी शत प्रतिशत पालन होता नजर नहीं आया।
जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे मरीज व उनके तीमारदारों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग की पूरी तरह अनदेखी की गई। पर्ची के लिए लाइन में मरीज व उनके तीमारदार सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी करते हुए लगे हुए थे। इनमें से कई ऐसे भी थे, जिन्होंने मास्क नहीं लगा रखा था।
इसी प्रकार से कृषि भवन में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र में बिजली बिल जमा करने व एआरटीओ कार्यालय में विभिन्न कार्यों के लिए लाइन में लगे नागरिकों द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग की अनदेखी की गई। विशेष बात यह रही कि संबंधित कार्यालयों में मौजूद जिम्मेदारों ने भी न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने पर जोर दिया और न ही मास्क लगाने पर ही जोर दिया।
ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आम नागरिक कितना गंभीर हैं। उधर एडीएम डा. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि सरकारी कार्यालयों में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन कराया जा रहा है। यदि कहीं से शिकायत मिलती है, तो कार्रवाई की जाएगी।