अंबेडकरनगर। जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को समारोह पूर्वक 60 आशा बहुओं को स्मार्टफोन सौंपे गए। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने स्मार्टफोन सौंपते हुए लगन से काम करने का आह्वान किया। कहा कि सरकार ने आशा बहुओं को स्मार्टफोन देकर उनके कार्य को आसान कर दिया है। इससे न सिर्फ योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी, बल्कि आशा बहुओं को अपना कार्य करने में काफी आसान होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता व मनोयोग के साथ काम कर रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा आशा बहुओं को स्मार्टफोन दिए जाने का निर्णय आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा। टांडा विधायक संजू देवी ने भी सरकार के इस निर्णय की सराहना की। कहा कि भाजपा सरकार सभी क्षेत्रों में तकनीक का भरपूर सहयोग ले रही है।
आलापुर विधायक अनीता कमल ने कहा कि आशाओं को स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जाने की पहल काफी सराहनीय है। कहा कि सरकार ने आशाओं को भी स्मार्ट बनाने का काम किया है। समारोह में कुल 60 आशा बहुओं को स्मार्ट फोन सौंपे गए। इस मौके पर पूर्व विधायक त्रिवेणीराम, सीडीओ घनश्याम मीणा, सीएमएस डॉ. संजय कुमार वर्मा, उपमुख्य चिकित्साधिकारी प्रीतम विक्रम आदि मौजूद रहे।