20 हजार ट्रांसफार्मर व 141 फीडर होंगे स्मार्ट मीटर से लैस
पावर कॉर्पोरेशन ने लिया निर्णय तेजी से होगा कामसंवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। जिले के 141 फीडर व अलग अलग स्थानों पर लगे 20 हजार से अधिक ट्रांसफार्मर स्मार्ट मीटर से लैस होंगे। इससे न सिर्फ बिजली चोरी पर अंकुश लगेगा बल्कि उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली भी उपलब्ध हो सकेगी। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति में बरती जाने वाली मनमानी पर भी अंकुश लग सकेगा। इस बीच स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सर्वे का कार्य अंतिम चरण में है। माना जा रहा है कि अक्तूबर माह के अंत तक संबंधित फीडर व ट्रांसफार्मर पर मीटर लग जाएगा।
उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली उपलब्ध कराने को लेकर पावर काॅर्पोरेशन जिले में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। बीते दिनों उपभोक्ताओं के घरों में जहां प्रीपेड मीटर लगाए जाने का निर्णय लिया गया था तो वहीं अब फीडर व ट्रांसफार्मर पर भी स्मार्ट मीटर लगाए जाने की तैयारी है। मालूम हो कि जिले में चार बिजली वितरण खंड हैं। इसमें कुल 141 फीडर स्थापित हैं। इसके अलावा उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली उपलब्ध कराने के लिए जिले के अलग अलग क्षेत्र में अलग अलग क्षमता के 20 हजार से अधिक ट्रांसफार्मर स्थापित हैं।
पावर कार्पोरेशन कार्यालय के अनुसार फीडरों व ट्रांसफार्मर पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने से बिजली चोरी पर पूरी तरह से अंकुश लग सकेगा। इसके साथ ही लाइन लाॅस भी रोका जा सकेगा। उपभोक्ताओं को रोस्टर के अनुसार सुचारु रूप से बिजली देने में सहूलियत होगी। इसके अलावा किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर पूरे क्षेत्र की बिजली काट दी जाती थी लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद ऐसा नहीं हो सकेगा। कारण यह कि संबंधित क्षेत्र के उपभोक्ताओं को कितने समय तक बिजली मिली वह पूरी तरह से मीटर में अपडेट रहेगा।
तेजी से चल रहा सर्वे
फीडर व ट्रांसफार्मर पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर पोलो राइज कंपनी द्वारा तेजी से सर्वे का कार्य चल रहा है। सभी फीडरों का सर्वे पूरा हो चुका है। इसके अलावा ज्यादातर ट्रांसफार्मर का भी सर्वे हो चुका है। शीघ्र ही सर्वे का कार्य पूरा हो जाएगा। माना जा रहा है कि अक्तूबर माह के अंत तक स्मार्ट मीटर लगा दिए जाएंगे। पावर काॅर्पोरेशन कार्यालय के अनुसार फीडरों व ट्रांसफार्मरों पर स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के घरों में प्रीपेड मीटर लगाए जाने का काम भी शुरू हो जाएगा।
मिलेगी सुचारु बिजली
फीडरों व ट्रांसफार्मरों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने के लिए सर्वे का कार्य तेजी से चल रहा है। संबंधित मीटर लगने से न सिर्फ बिजली चोरी पर अंकुश लगेगी बल्कि उपभोक्ताओं को भी सुचारु बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
-गिरीश नरायण मिश्र, अधीक्षण अभियंता