अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों मेें महिला समेत छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक की हालत गंभीर होने पर उसे केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के गोसाईगंज निवासी समीर (32) शुक्रवार को सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह कटेहरी बाजार के निकट पहुंचा, तभी उधर से गुजर रही तेज रफ्तार जीप ने अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी कटेहरी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत पहितीपुर निवासी रमेश कुमार (42) गुरुवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाने के दौरान बाजार के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के पलई कल्याणपुर निवासी संगीता देवी (54) सुबह घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई। बसखारी थाना अंतर्गत मसड़ा निवासी राजेंद्र कुमार (60) सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रहे थे।
अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत शहजादपुर निवासी अमित कुमार (21) सुबह कटेहरी जाने के दौरान पवित्र शिवबाबा के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। इसी कोतवाली अंतर्गत मिर्जापुर निवासी राजेश कुमार (36) गुरुवार देर शाम बाइक से शहजादपुर से घर जाने के दौरान गांव के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि हादसे के शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।