अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में मासूम समेत छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक को प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
टांडा कोतवाली क्षेत्र के छज्जापुर निवासी मोहम्मद अनीस (32) मंगलवार को सुबह बाइक से बसखारी जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह बसखारी बाजार के निकट पहुंचा, तभी उधर से गुजर रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
भीटी थाना क्षेत्र के जेतूपुर गांव निवासी सुखराम (40) सुबह बाइक से अपनी 8 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी व पत्नी कंचन (32) के साथ बाइक से अकबरपुर जा रहा था। इसी दौरान पहितीपुर बाजार के निकट जीप की टक्कर लगने से पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पत्नी को मामूली चोटें आईं। मालीपुर थाना अंतर्गत भसौली गांव निवासी रामकिशुन (50) सुबह साइकिल से मालीपुर बाजार जाते समय बाजार के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए। इसी गांव निवासी श्याम सुंदर (51) सुबह बाइक से अकबरपुर जाते समय पहितीपुर बाजार के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि हादसे के शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।