उन्होने कहा कि विभाग के शिथिल रवैए से ही जिले के कई शिक्षामित्रों का सहायत अध्यापक पद पर समायोजन नहीं हो सका। संगठन पदाधिकारियों ने बीएसए से अविलंब यह प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।
प्रदेश उपमंत्री रमापति वर्मा के नेतृत्व में बीएसए से मुलाकात करने पहुंचे उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षामित्र लम्बे समय से अपने हक की मांग कर रहे हैं। प्रदेश सरकार के सख्त निर्देश के बाद भी बेसिक शिक्षा विभाग काफी सुस्ती से काम कर रहा है।
इसके चलते ही अभी तक जिले में कई शिक्षामित्र सहायक अध्यापक पद पर समायोजित नहीं हो पा रहे हैं। कहा कि जिले में यदि पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कर ली जाए तो जिले के सभी शिक्षामित्रों के समायोजित करने के लिए पर्याप्त रिक्तियां उपलब्ध हो जाएंगी, लेकिन विभाग ऐसा न कर शिक्षामित्रों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
कहा कि यदि अविलंब यह प्रक्रिया अमल में न लायी गई तो संगठन आन्दोलन की राह पकड़ने को विवश होगा। इस मौके पर मनीष मिश्र, हिमांशू भूषण, मोसीर खान, अभिषेक त्रिपाठी, शैलेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र यादव, रवीन्द्र यादव, गीता यादव व संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।