जलालपुर (अंबेडकरनगर)। दुकानदार को झांसा देकर पैसा लेकर भाग रहे एक युवक को दुकानदारों ने दौड़ा कर पकड़ लिया। इस दौरान उसका साथी चकमा देकर बाइक समेत फरार होने में सफल रहा। दुकानदारों ने पकड़े गए युवक की पिटायी करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
मामला जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के पट्टी चौराहे से जुड़ा है। यहां कपड़े की दुकान चलाने वाले कृष्ण सिंह ने बताया कि मंगलवार देर शाम दो युवक बाइक से उसकी दुकान पर पहुंचे और करीब 38 सौ रुपया की खरीददारी की। इस दौरान इनमें से एक युवक ने नकद की जगह पेटीएम से भुगतान करने की बात कही। दुकानदार ने कहा कि उसके पास पेटीएम की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस पर आरोपियों ने दुकानदार को दूसरे किसी दुकान से पेटीएम कराने की सलाह दी। इस पर दुकानदार बगल स्थित एक जनरल स्टोर पर पहुंचा। इस दौरान उसका दूसरा साथी दुकान में ही मौजूद रहा।
आरोप है कि दुकान में सन्नाटा देख कर वहां मौजूद युवक ने गल्ले में रखा 12 हजार रुपया निकाल लिया और बाहर आकर बाइक पर बैठ गया। साथी को बाइक पर बैठता देख दुकानदार के साथ गया आरोपी भी वहां पहुंच गया और दोनों भागने का प्रयास करने लगे। दुकानदार के हल्ला मचाने पर आस पास के अन्य दुकानदारों ने बाइक पर पीछे बैठे आरोपी धीरज को दौड़ा कर पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। जबकि बाइक चालक आरोपी भागने में सफल रहा।