अंबेडकरनगर। अलीगंज के कस्बा पश्चिम में बुधवार देर रात जूस का पैसा मांगना दुकानदार को भारी पड़ गया। तीन लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हाथ में गंभीर चोट आने के बाद घायल दुकानदार ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
अनीश अहमद ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे व ताज तिराहे पर स्थित अपनी जूस की दुकान पर थे। इसी दौरान बाइक से टांडा के छज्जापुर मोहल्ला निवासी फरीद, रफीक व एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचे और दुकान से 10-12 गिलास जूस पीकर बिना भुगतान किए जाने लगे। जब रुपये मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर फरीद ने चाकू निकालकर पेट में मारने का प्रयास किया।
अनीश ने अपने हाथों से चाकू को रोकने की कोशिश की, जिससे उनकी अंगुलियों में गंभीर चोटें आईं। चीख-पुकार सुनकर पास के दुकानदार मेहताब आलम और आरिफ मदद के लिए दौड़े, तो रफीक चाकू लहराते हुए उन्हें दौड़ाने लगा। इस दौरान मोहल्ले के लोग जुटने लगे, जिसे देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू लहराते हुए भाग गए। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।