जम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई बाद में पहुंचे अपर तहसीलदार ने शिक्षामित्रों को सोमवार को बीएसए व शिक्षामित्रों की वार्ता कराकर प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशित शिक्षामित्रों ने मार्ग जाम समाप्त किया।
बीते दिनों परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक पद पर हुए समायोजन की प्रक्रिया में 415 शिक्षामित्रों का चयन नहीं हो पाया था। इसके लिए लगातार शिक्षामित्रों द्वारा दबाव बनाया जा रहा था। कई अन्य जिलों में भी ऐसी ही स्थिति थी।
बाद में हुए आदेश के क्रम में जिले के बेसिक शिक्षा विभाग ने 28 जून को सभी शेष शिक्षामित्रों के समायोजन के लिए उन्हें आमंत्रित किया था। वंचित शिक्षामित्र निर्धारित तिथि का इंतजार कर रहे थे। इस बीच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दलसिंगार यादव का स्थानांतरण राजकीय क्वींस इंटर कालेज वाराणसी में प्रधानाचार्य पद पर कर दिया गया।
ऐसे में विभाग ने शनिवार देर शाम प्रक्रिया को स्थगित कर दिया। इसकी नोटिस भी बीएसए कार्यालय पर चस्पा कर दी। नोटिस से अंजान शिक्षामित्र रविवार सुबह से बीएसए कार्यालय पहुंचने लगे।
कार्यालय पहुंचने पर शिक्षामित्रों ने मुख्य गेट के निकट प्रक्रिया स्थगित होने की नोटिस देखी तो उनमें आक्रोश फैल गया। मौके पर एकत्र शिक्षामित्रों व उनके साथ आए लोगों ने कार्यालय के सामने अकबरपुर आजमगढ़ मार्ग जाम कर दिया। सभी बेसिक शिक्षा विभाग अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताने लगे।
शिक्षामित्रों का कहना था कि बीएसए ने अभी चार्ज नहीं दिया है। ऐसे में उन्हें प्रक्रिया को स्थगित नहीं करना चाहिए था। शिक्षामित्रों ने कहा कि या तो उनके द्वारा प्रक्रिया पूरी कराई जाए या फिर वे किसी अधीनस्थ को चार्ज दें। ताकि आगे की प्रक्रिया पूरी हो। शिक्षामित्रों के प्रदर्शन व मार्ग जाम से बीएसए कार्यालय के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थानीय व बाहरी यात्री इस मार्ग जाम से परेशान होने लगे। इसी बीच जाम की सूचना मिलने पर तहसीलदार न्यायिक महेन्द्र श्रीवास्तव अपने साथ नायब तहसीलदार को लेकर मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने फोन पर बीएसए से वार्ता की। इसके बाद शिक्षामित्रों से कहा कि सोमवार को बीएसए व शिक्षामित्रों की वार्ता कराई जाएगी>
वहां इसके बाद समायोजन की प्रक्रिया सुनिश्चित होगी। शिक्षामित्रों ने इस आश्वासन के बाद मार्ग जाम समाप्त कर दिया। इस मौके पर प्रदेश उपमंत्री रमापति वर्मा, अमरनाथ यादव, मनीष मिश्र, अभिषेक त्रिपाठी, दीपिका सिंह, आदित्य सिंह, मुसीर खान, संजीव गुप्त, बसंतकुमार, अजय वर्मा व धर्मेन्द्र आदि मौजूद रहे।