भीटी थाना क्षेत्र के दशवनपुर गांव निवासी शिवप्रसाद के पुत्र सुनील (28) का शव रविवार सुबह पशुशाला में रस्सी के सहारे लटकता पाया गया। बताया जाता है कि सुनील का उसकी पत्नी व परिवारीजनों से अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद हुआ करता था।
इससे वह काफी परेशान रहा करता था। घटना के एक दिन पहले भी परिवारीजनों में कहासुनी हुई थी। परिवारीजनों को यह अंदाजा तक नहीं था कि सुनील ऐसा कदम उठा लेगा।
शनिवार शाम को पूरा परिवार भोजन करने के बाद सोने चला गया। रात में किसी समय उसने पशुशाला में लगी बड़ेर के सहारे रस्सी से फांसी का फंदा तैयार किया और झूल गया। रविवार सुबह जब उसके पिता शिवप्रसाद पशुओं को चारा देने गए तो पशुशाला में शव लटकता देखा।
इस पर उन्होंने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। इसी बीच सूचना पर पहुंची भीटी पुलिस ने शव का पंचनामा कराया। और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एसओ सोमेश्वर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।