अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना अन्तर्गत कशेरुआ बाजार के निकट पलटा आॅटो रिक्शा।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र अकबरपुर अंतर्गत कसेरुआ बाजार के निकट पहितीपुर से अकबरपुर की तरफ आ रहा ऑटो बेकाबू हो पेड़ से टकराकर पलट गया। इससे उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। उधर, अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रविवार सुबह पहितीपुर से अकबरपुर की तरफ आ रहा ऑटो कसेरुआ बाजार के निकट ट्रक से बचने के चक्कर में अनियंत्रित हो गया। जब तक चालक संभलने का प्रयास करता, ऑटो सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में आसपास मौजूद लोग वहां जुट गए।
आनन-फानन में ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में अकबरपुर थाना अंतर्गत शुकुलपट्टी गांव निवासी रूदल (22) पुत्र झुन्नुर, इसी थाना अंतर्गत माधवपुर गांव निवासी मकबूल (55) पुत्र बरकत अली, अनवरी बानो (50) पत्नी मकबूल व जुबैदा (60) पत्नी अहमद को गंभीर चोटें आईं।
सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जुबैदा की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, भीटी थाना अंतर्गत भीटी बाजार निवासी जंगबहादुर (68) पुत्र निनकू शनिवार देर शाम घर के निकट सड़क पार करते समय पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गए।
उन्हें पहले सीएचसी भीटी ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, जलालपुर थाना अंतर्गत जलालपुर निवासी मोहम्मद इलियास (28) व हनीफ (26) रविवार सुबह एक ही बाइक से अकबरपुर आते समय जीप की टक्कर लगने से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।