मालूम हो कि बीते 23 जून को सीडीओ डा. मन्नान अख्तर ने कटेहरी विकास खंड के लोहिया समग्र गांव सुईडीह का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही अतिमहत्वकांक्षी योजना राज्य कुपोषण मिशन के बारे में जानकारी प्राप्त की तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा कोई समुचित जवाब नहीं दिया जा सका।
सीडीपीओ बेलादेवी, मुख्य सेविका जयदेयी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री जयललिता व सहायिका संगीता वर्मा द्वारा न तो कुपोषण मिशन संबंधित ग्रुप चार्ट दिखाया गया और न ही सर्वे रजिस्टर, स्टाक रजिस्टर व लाभार्थी रजिस्टर ही दिखाया गया।
उनसे जब कुपोषित बच्चों की संख्या के बारे में जानकारी चाही गई, तो उसकी भी सही जानकारी कोई कर्मचारी नहीं दे सके। इस पर सीडीओ श्री अख्तर ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह को संबंधित कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया।
श्री सिंह ने बताया कि सीडीओ के निर्देश के बाद सीडीपीओ व मुख्य सेविका का वेतन रोके जाने व आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका का मानदेय रोके जाने की कार्रवाई की गई है। बताया कि अग्रिम निर्देश तक वेतन व मानदेय निर्गत नहीं किया जाएगा।