अंबेडकरनगर। दूसरे शहरों व प्रांतों से आए 36 नागरिकों की शनिवार को जिला अस्पताल में स्क्रीनिंग की गई। जांच के बाद सभी को क्वारंटीन के लिए जिला अस्पताल में बने क्वारंटीन सेंटर में भर्ती करके उनके ब्लड के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इससे पहले पूर्व में भेजी गए सभी 330 नमूनों की रिपोर्ट जांच में निगेटिव पाई गई।
दूसरे प्रांतों व शहरों से आने वाले मजदूरों व नागरिकों की जिला अस्पताल में स्क्रीनिंग लगातार जारी है। शनिवार को स्क्रीनिंग के लिए 36 नागरिक जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉ. चंद्रेश, डॉ. एपी गुप्ता व डॉ. आरएन गौतम ने सभी की गहनता से जांच की। इसके बाद सभी को क्वारंटीन के लिए जिला अस्पताल में बने कवारंटीन केंद्र में भेज दिया गया।
उधर, सीएमएस डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि पूर्व में 330 नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। सभी की रिपोर्ट आ गई है, जो कि निगेटिव है। कहा कि प्रवासी मजदूरों व नागरिकों की स्क्रीनिंग लगातार जारी है। कोरोना संक्रमण न फैले, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। बताया कि शुक्रवार तक जिला अस्पताल में 58 नागरिक कवारंटीन के लिए रखे गए थे। शनिवार को 36 नए नागरिक क्वारंटीन के लिए भर्ती किए गए। कवारंटीन सेंटर में रखे गए नागरिकों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।