अंबेडकरनगर। ऑर्केस्ट्रा पर हुए विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस घटना के खुलासे में नजदीक पहुंच गई है। रविवार को तीन लोगोंं को हिरासत में लेने के बाद पूरे दिन पुलिस ने सम्मनपुर समेत आसपास के गांव में दबिश देकर कई लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि संभवत मंगलवार को घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।
टांडा के पकड़ी भोजपुर निवासी संजय यादव उर्फ तेगा (40) नौ मई को परिवार के साथ रिश्तेदार रामकिशोर की बेटी की शादी में सम्मनपुर के बरियावन एक मैरिज हाॅल में गए थे। रात 12:30 बजे संजय अचानक लापता हो गए थे। ढाई बजे संजय मरणासन्न अवस्था में भोजपुर गांव के निकट मिले थे। मारने वाले ने बेरहमी से उनके हाथ-पैर तोड़ने के साथ ही उनके गुप्तांग पर कई प्रहार किया था। राजकीय महामाया मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।
छह मई को गांव के त्रिभुवन यादव की बेटी के विवाह में ऑर्केस्ट्रा के दौरान अनुराग उर्फ राज यादव और उसके पिता सजीवन यादव से किसी बात पर संजय का विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश में अनुराग ने अपने साथी अभिषेक यादव निवासी मखदूम सराय अलीगंज, अंश यादव उर्फ डब्बू निवासी स खपुराअकबरपुर, राकेश यादव निवासी पकड़ीभोजपुर, नंदन व कुछ अज्ञात ने मिलकर उनकी हत्या कर दी। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि जांच की जा रही है। एक दो दिन में खुलासा कर दिया जाएगा।